Yellow 'a-connect' text on a black background.

November 2026

कवर स्टोरी

सरगुजा में उगा एआई का 'सूरज'

अमित मिश्रा

✅ Link Copied!

अडाणी विद्या मंदिर के पूर्व छात्र सूरज कुमार देवांगन छत्तीसगढ़ की साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर आईआईटी जोधपुर तक का प्रेरणादायक सफर तय कर रहे हैं। तकनीक के प्रति जिज्ञासा और उद्यमशीलता के सपनों के साथ वे सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं।

पारसा, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का एक गांव है। यहीं रहने वाले राजेंद्र देवांगन और वीणा देवांगन के बेटे सूरज कुमार देवांगन के लिए बचपन में कंप्यूटर महज एक तकनीकी उपकरण नहीं था। यह उनके आसपास की सीमित दुनिया से कहीं आगे झांकने वाली एक खिड़की जैसा था। बिजली अक्सर चली जाती थी, इंटरनेट कनेक्टिविटी भी भरोसेमंद नहीं थी और संसाधन सीमित थे। फिर भी जब कभी कंप्यूटर की स्क्रीन जगमगाती, सूरज की जिज्ञासा भी जाग उठती।

वे जिस भी वेबसाइट को देखते और तकनीक से जुड़ी जिस भी समस्या से उनका सामना होता, वह उनके लिए कुछ नया सीखने का मौका बन जाती।

कंप्यूटर में सामान्य दिलचस्पी के रूप में शुरू हुआ यह सफर धीरे-धीरे तकनीक के प्रति गंभीर लगाव में बदल गया। आज सूरज IIT जोधपुर से कंप्यूटर साइंस, अप्लाइड AI और डेटा साइंस में BSc कर रहे हैं। इसके साथ ही वे अपना टेक्नोलॉजी बिजनेस भी खड़ा कर रहे हैं। उनका सफर दिखाता है कि जब शिक्षा के साथ दृढ़ संकल्प, लगन और खुद सीखने की इच्छा जुड़ जाए, तो नई संभावनाओं के रास्ते खुल सकते हैं।

मुश्किलों के पार मौके

सूरज के लिए कंप्यूटर कभी सिर्फ इस्तेमाल करने की चीज नहीं रहे। वे हमेशा यह समझना चाहते थे कि ये सिस्टम कैसे काम करते हैं, इनके साथ क्या नए प्रयोग किए जा सकते हैं और इन्हें किस तरह बेहतर बनाया जा सकता है। तकनीकी मार्गदर्शन के औपचारिक साधन सीमित थे, इसलिए उन्होंने खुद जानकारी जुटाकर, ऑनलाइन संसाधनों और लगातार प्रयोग के जरिए कंप्यूटिंग की अपनी समझ और कौशल को बेहतर किया।

तकनीकी समस्याओं का हल खोजना धीरे-धीरे उनकी आदत बन गया। सॉफ्टवेयर में कोई खराबी आती, तो वे उसे सिर्फ परेशानी नहीं मानते थे, बल्कि उसकी असली वजह तलाशने का मौका समझते थे।

Smiling man in orange shirt at IIT Jodhpur main entrance under sunny sky.

सूरज कुमार देवांगन

सूरज कहते हैं, “आपके पास संसाधन भले ही सीमित हों, लेकिन सीखने की अपनी इच्छा को कभी सीमित नहीं करना चाहिए।” यही सोच अब तक उनके सफर की राह दिखाती आई है।

बेहतरीन प्रदर्शन

सूरज के जीवन का एक अहम अध्याय अदाणी विद्या मंदिर (AVM), सरगुजा में शुरू हुआ, जहां उन्होंने बारहवीं कक्षा तक पढ़ाई की। स्कूल ने विद्यार्थियों को पारंपरिक पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर सीखने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें डिजिटल संसाधनों तथा उभरती रचनात्मक तकनीकों से परिचित कराया।

Canva AI और Adobe Express AI जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए सूरज जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उसके रचनात्मक इस्तेमाल से परिचित हुए। धीरे-धीरे वे समझने लगे कि तकनीक किस तरह विचारों को विजुअल कंटेंट में बदल सकती है, रचनात्मक काम को आसान बना सकती है और डिजिटल कम्युनिकेशन के दायरे को बढ़ा सकती है।

इस अनुभव से उन्हें समझ आया कि कंप्यूटर केवल जानकारी हासिल करने का जरिया नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए नई चीजों की कल्पना की जा सकती है, उन्हें डिजाइन किया जा सकता है और बनाया भी जा सकता है।

आईआईटी में दाखिल लेकर रचा इतिहास

IIT जोधपुर में दाखिला सूरज के लिए एक अहम मोड़ था। अब अनौपचारिक तौर पर खुद प्रयोग करके सीखने का उनका सफर व्यवस्थित तकनीकी शिक्षा में बदल गया। उनके बीएससी प्रोग्राम में कंप्यूटर साइंस, अप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस शामिल हैं।

ये तीनों विषय इंटेलिजेंट चैटबॉट और रिकमेंडेशन इंजन से लेकर प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स और ऑटोमेटेड बिजनेस सॉल्यूशंस जैसी तकनीकों की बुनियाद हैं। खुद प्रयोग करते हुए तकनीक में सूरज की जो दिलचस्पी पैदा हुई थी, अब यह अकादमिक पढ़ाई उसे और गहराई दे रही है।

पढ़ाई के साथ-साथ कारोबार का जज़्बा

पढ़ाई के साथ-साथ सूरज टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप में भी अपने कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने WEEBPOLL Technologies India Private Limited की स्थापना की है। इसी कंपनी के तहत Lord Cloud नाम का एक सब-ब्रांड है, जो क्लाउड कंप्यूटिंग और होस्टिंग सेवाओं पर काम करता है।

क्लाउड कंप्यूटिंग के जरिए संस्थाएं अपने सभी फिजिकल सर्वर खुद रखने के बजाय नेटवर्क आधारित सेवाओं से कंप्यूटिंग पावर, स्टोरेज और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके सर्विस मॉडल में Infrastructure as a Service (IaaS), Platform as a Service (PaaS) और Software as a Service (SaaS) शामिल हैं।

Indian schoolgirls in uniform praying outdoors during a morning assembly or prayer time.

अडानी विद्या मंदिर आकांक्षाओं को पोषित करता है और उज्ज्वल भविष्य की राह बनाता है।

WEEBPOLL Technologies से सूरज को हर महीने पांच अंकों में आमदनी होती है। इस कमाई का इस्तेमाल वे अपनी पढ़ाई और निजी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की मदद के लिए भी करते हैं। इस तरह उनका यह बिजनेस सिर्फ उद्यमिता का एक प्रयोग नहीं रह गया है, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अहम कदम बन गया है।

मां की मदद से सफर हुआ आसान

सूरज के इस सफर के पीछे उनकी मां वीणा देवांगन का प्रोत्साहन भी रहा है। कंप्यूटर को लेकर बेटे की गहरी दिलचस्पी को पहचानते हुए उन्होंने पहला कंप्यूटर हासिल करने में सूरज की मदद की। उस शुरुआती मदद ने सूरज को एक ऐसा साधन दिया, जिसने आगे चलकर उनकी पढ़ाई और पेशेवर महत्वाकांक्षाओं को दिशा दी।

Schoolchildren with backpacks entering a building, greeted by teachers.

युवा शिक्षार्थी एक उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हैं

दिल्ली में दिखी 'सूरज' की चमक

सूरज ने नई दिल्ली में आयोजित India AI Impact Summit 2026 में भी भाग लिया। यहां उन्हें इंटेलिजेंट कंप्यूटिंग के भविष्य को आकार देने वाली चर्चाओं को करीब से जानने और अलग-अलग उद्योगों में AI की बढ़ती भूमिका को समझने का मौका मिला।

Students conducting a physics experiment with a prism and pins, observing light refraction in a classroom.

भविष्य संवारने की देशव्यापी मुहिम

सूरज की यह व्यक्तिगत सफलता अदाणी फाउंडेशन के व्यापक शैक्षिक दृष्टिकोण की भी मिसाल है। फाउंडेशन शिक्षा तक पहुंच, अवसर और सशक्तिकरण के जरिए लोगों के जीवन में बदलाव लाने में विश्वास करता है। अदाणी विद्या मंदिर के अलावा फाउंडेशन 60 से ज्यादा स्कूल चलाता है। वहीं, प्रोजेक्ट उत्थान 1,200 से ज्यादा स्कूलों और 1.7 लाख विद्यार्थियों तक पहुंचकर बुनियादी साक्षरता और गणित के कौशल को मजबूत कर रहा है। हालांकि, इस प्रयास की असली पहचान सिर्फ स्कूलों या विद्यार्थियों की संख्या नहीं है, बल्कि वे भविष्य हैं जिन्हें यह संवारने में मदद करता है। सूरज की कहानी इसी सोच को साकार करती है।

(ग्लोरी द्वारकेश, अदाणी फाउंडेशन से मिले इनपुट के साथ)